ए.एस. इंटर कॉलेज मवाना बना PET परीक्षा केंद्र, सुरक्षा के रहेंगे कड़े इंतजाम :

ए.एस. इंटर कॉलेज मवाना बना PET परीक्षा केंद्र, सुरक्षा के रहेंगे कड़े इंतजाम :

40 सीसीटीवी और 127 आईपी कैमरों से होगी निगरानी, प्रतिदिन 960 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा*मवाना नगर के मेरठ रोड स्थित ए.एस. इंटर कॉलेज मवाना को उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ की ओर से आयोजित होने वाली प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) के लिए परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए कॉलेज प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा केंद्र पर प्रतिदिन 960 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। जनपद मेरठ में कुल 48 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।परीक्षा के दौरान सुरक्षा और निगरानी के विशेष इंतजाम किए गए हैं। केंद्र पर 40 सीसीटीवी कैमरों और 127 आईपी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। इसके अलावा सभी परीक्षा कक्षों तथा आसपास के 200 मीटर के दायरे में जैमर लगाए जाएंगे, जिससे मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल नहीं हो सकेगा। सभी अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक जांच के साथ आई इंप्रेशन की प्रक्रिया भी पूरी कराई जाएगी।परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस की कड़ी व्यवस्था रहेगी। केंद्र पर बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा केंद्र के 200 मीटर के दायरे में फोटो कॉपी की मशीनें और दुकानें भी बंद रहेंगी। व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए दो कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है।परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। परीक्षा संचालन के लिए केंद्र पर करीब 100 कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की गई है, जो परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को संभालेंगे।कॉलेज में परीक्षा की समस्त व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सचिव निशिकांत शर्मा, अंकित शर्मा और सत्येंद्र बहादुर सिंह को सौंपी गई है। कॉलेज प्रशासन ने परीक्षा को व्यवस्थित, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *