मवाना संवाददाता अटौरा निवासी रामपाल ने अस्पताल में तोड़ा दम, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा*मवाना बाइपास पर भैंसा बुग्गी से बाइक टकराने के कारण हुए हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से घायल को मवाना के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार, मवाना बाइपास पर बाइक सवार रामपाल पुत्र हरीश चंद्र निवासी ग्राम अटौरा की बाइक भैंसा बुग्गी से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रामपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने एंबुलेंस सेवा 1033 को सूचना दी। एंबुलेंस चालक घायल को तत्काल मवाना के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलने पर मवाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की पहचान कर परिजनों को हादसे की जानकारी दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेरठ भेज दिया।मवाना थाना प्रभारी ब्रह्म कुमार त्रिपाठी ने संबंधित उपनिरीक्षक को मामले में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। खबर लिखे जाने तक मृतक के परिजनों की ओर से पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी गई थी। पुलिस मामले में नियमानुसार कार्रवाई कर रही है।
