मवाना नगर के मेरठ रोड स्थित कृष्णा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स में हिंदी दिवस एवं गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए हिंदी भाषा के महत्व और भारतीय संस्कृति पर अपने विचार व्यक्त किए।*भगवान गणेश के समक्ष दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ*कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के चेयरमैन विजयराज, सेक्रेटरी पुखराज एवं वाइस प्रिंसिपल श्रीमती राजेश चौधरी ने भगवान श्री गणेश के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं शैक्षिक गतिविधियों में प्रतिभाग किया।*सुलेख, पोस्टर और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं हुईं*हिंदी दिवस के अवसर पर हिंदी सुलेख प्रतियोगिता, पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए हिंदी भाषा के प्रति अपनी रुचि और रचनात्मकता का परिचय दिया।हिंदी सुलेख प्रतियोगिता में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा मेहविश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बीएससी होम साइंस की छात्रा शहरीन द्वितीय तथा बीएससी एग्रीकल्चर के छात्र अजय सैनी तृतीय स्थान पर रहे।*शपथ एवं अलंकरण समारोह भी हुआ*कार्यक्रम के दौरान शपथ ग्रहण समारोह, कक्षा प्रतिनिधि अलंकरण समारोह एवं प्रमाण पत्र वितरण समारोह भी संपन्न हुआ। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कक्षा प्रतिनिधियों को भी उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराते हुए अलंकरण प्रदान किया गया।*हिंदी के महत्व पर रखे विचार*कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और हिंदी भाषा के महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए। वक्ताओं ने हिंदी को भारतीय संस्कृति, भावनाओं और विचारों को अभिव्यक्त करने वाली महत्वपूर्ण भाषा बताते हुए विद्यार्थियों को इसके अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के अंत में आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले संस्थान के समस्त स्टाफ का आभार व्यक्त किया गया। समारोह को सफल बनाने में संस्थान के शिक्षकों एवं कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।
