मवाना। नोएडा में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम महर्षि दयानंद सरस्वती के नाम पर रखे जाने की मांग को लेकर आर्य समाज से जुड़े लोगों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन उपजिलाधिकारी संतोष कुमार सिंह को सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश सरकार से हवाई अड्डे का नाम ‘महर्षि दयानंद सरस्वती अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा’ रखने की मांग की।ज्ञापन में आर्य समाज के पदाधिकारियों ने महर्षि दयानंद सरस्वती के सामाजिक, शैक्षिक और राष्ट्रहित से जुड़े योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि महर्षि दयानंद सरस्वती ने समाज में व्याप्त कुरीतियों, अंधविश्वास और रूढ़ियों के खिलाफ जनजागरण का व्यापक अभियान चलाया। उन्होंने शिक्षा के प्रसार, महिला सम्मान, सामाजिक समानता तथा राष्ट्रहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए समाज को नई दिशा देने का कार्य किया।प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि महर्षि दयानंद सरस्वती के नाम पर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नामकरण किया जाना उनके विचारों और समाज के प्रति योगदान को सम्मान देने का सार्थक प्रयास होगा। इससे देश-विदेश से आने वाले लोगों को भी उनके विचारों और कार्यों से परिचित होने का अवसर मिलेगा।आर्य समाज के पदाधिकारियों ने एसडीएम से आग्रह किया कि ज्ञापन को मुख्यमंत्री तक पहुंचाते हुए मांग पर उचित कार्रवाई के लिए शासन स्तर पर पहल की जाए। एसडीएम संतोष कुमार सिंह ने प्रतिनिधिमंडल से ज्ञापन प्राप्त करते हुए उसे संबंधित स्तर तक पहुंचाने का भरोसा दिया।इस अवसर पर मवाना के साथ बहसूमा क्षेत्र के आर्य समाज से जुड़े पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश सरकार से मांग पर सकारात्मक निर्णय लिए जाने की उम्मीद जताई।
