मेरठ। जिले के नवनियुक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने कार्यभार संभालते ही सख्त तेवर दिखाए हैं। शुक्रवार रात सपा नेता दिग्विजय भाटी और मोहित तोमर से कथित मारपीट के मामले में सिविल लाइंस थाने के थाना प्रभारी समेत आठ पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया।लाइन हाजिर किए गए पुलिसकर्मियों में निरीक्षक अखिलेश कुमार गौड़, उपनिरीक्षक मुलायम सिंह, हेड कांस्टेबल हरि ओम, कांस्टेबल मुकेश कुमार, हेड कांस्टेबल श्याम बाबू, कांस्टेबल सुमित कुमार, महिला कांस्टेबल नीलम लौर और चालक ललित कुमार शामिल हैं।बताया गया है कि दिग्विजय भाटी और मोहित तोमर ने निरीक्षक अखिलेश कुमार गौड़ समेत पुलिसकर्मियों पर मारपीट के आरोप लगाए थे। मामले की जांच डीआईजी सहारनपुर अभिषेक सिंह द्वारा की जा रही है। जांच पूरी होने से पहले एसएसपी की ओर से आठ पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किए जाने से पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई है।पुलिस के अनुसार, जांच को प्रभावित होने से बचाने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है। मामले में जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
