बुधवार मवाना तहसील क्षेत्र के फलावदा थाना के अंतर्गत ग्राम पिलोना के पास दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों भाई मवाना से अपने गांव महलका लौट रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार सफेद रंग की कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी मवाना में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने एक युवक की हालत गंभीर देखते हुए उसे मेरठ रेफर कर दिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, महलका निवासी जावेद पुत्र इमामुद्दीन और जुबेर पुत्र जबरदीन बुधवार दोपहर करीब एक बजे मवाना से अपने गांव वापस लौट रहे थे। बाइक जुबेर चला रहा था। जैसे ही वे पिलोना गांव के समीप पहुंचे, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे को देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और तत्काल डायल-112 पुलिस को सूचना दी। पीआरवी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को एंबुलेंस की सहायता से मवाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जुबेर की हालत चिंताजनक होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए मेरठ रेफर कर दिया, जबकि जावेद का उपचार सीएचसी में जारी है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार कार और उसके चालक की तलाश के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पिलोना मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने, गति नियंत्रण के उपाय करने और लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
