*मवाना संवाददाता*आज सोमवार मवाना नगर मे गन्ने के बकाया भुगतान पर मिलने वाले ब्याज की मांग को लेकर राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के बैनर तले किसानों ने सहकारी गन्ना विकास समिति परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। मंडल अध्यक्ष चौधरी रामवीर सिंह के नेतृत्व में आयोजित धरने में सैकड़ों किसानों ने हिस्सा लिया। किसानों ने 14 दिन से अधिक की देरी से हुए गन्ना भुगतान पर ब्याज का सालवार हिसाब उपलब्ध कराने की मांग उठाई।*1996-97 से 2025-26 तक के ब्याज का मांगा हिसाब*धरने पर बैठे किसानों ने कहा कि गन्ना भुगतान में निर्धारित समय से अधिक देरी होने पर नियमानुसार किसानों को ब्याज मिलना चाहिए। उन्होंने उच्च न्यायालय के 11 जुलाई 2026 के आदेश का हवाला देते हुए वर्ष 1996-97 से 2025-26 तक के बकाया गन्ना भुगतान पर देय ब्याज का पूरा विवरण उपलब्ध कराने की मांग की। किसानों का कहना था कि लंबे समय से ब्याज का मामला लंबित है, लेकिन अभी तक उन्हें इसका स्पष्ट सालवार हिसाब नहीं मिल पाया है।*7 अक्टूबर को लिखित में मिलेगा ब्याज का विवरण*धरने के दौरान डिप्टी भूपेंद्र राय ने किसानों से वार्ता की। उन्होंने आश्वासन दिया कि 7 अक्टूबर 2026 को समिति सचिव के आने पर किसानों को बकाया गन्ना ब्याज का सालवार विवरण लिखित रूप में उपलब्ध करा दिया जाएगा। अधिकारियों के इस आश्वासन के बाद किसानों ने फिलहाल अपना धरना समाप्त कर दिया।*मांग पूरी नहीं हुई तो दोबारा होगा आंदोलन*संगठन के जिला अध्यक्ष दिनेश प्रधान ने चेतावनी दी कि यदि 7 अक्टूबर को किसानों को ब्याज का पूरा विवरण उपलब्ध नहीं कराया गया तो संगठन दोबारा धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होगा। वहीं, मंडल अध्यक्ष चौधरी रामवीर सिंह ने कहा कि किसानों ने अपनी मेहनत से गन्ने की फसल तैयार कर मिलों को आपूर्ति की है। समय से भुगतान नहीं मिलने के कारण किसानों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में देरी से किए गए भुगतान पर मिलने वाला ब्याज किसानों का हक है और उन्हें इससे वंचित नहीं रखा जाना चाहिए।*बड़ी संख्या में किसान रहे मौजूद*धरने में जिला उपाध्यक्ष पवन त्यागी, मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, जिला सचिव नीतू भाटी, तहसील सचिव कंवरपाल सिंह, मनोज, विजयपाल सिंह, मुन्नू, दिनेश और जयकर सिंह, विजेंद्र सिंह, करण सिंह, वीर सिंह, शौकीन, सुरेश निंदावली, राजवीर नगर, सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
