संपूर्ण समाधान दिवस में 100 शिकायतें, आठ का मौके पर निस्तारण

मवाना संवाददाता

डीएम और एसएसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

मवाना। तहसील सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।

100 शिकायतों में आठ का मौके पर समाधान

समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 100 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से आठ शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए निर्धारित समय सीमा में जांच कर शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का समाधान कराने के निर्देश दिए गए।

मंदिर की जमीन पर कब्जे की शिकायत

परीक्षितगढ़ क्षेत्र स्थित झारखंडी मंदिर के महंत ने जिलाधिकारी के समक्ष मंदिर की जमीन पर गांव के कुछ दबंग लोगों द्वारा कब्जा किए जाने की शिकायत रखी। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने थाना प्रभारी परीक्षितगढ़ को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने और समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए।

पुश्तैनी जमीन पर कब्जे की भी शिकायत

वहीं, एक महिला ने अपनी पुश्तैनी जमीन पर कब्जा किए जाने की शिकायत जिलाधिकारी से की। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए शिकायत का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश

जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का केवल औपचारिक निस्तारण न किया जाए, बल्कि मौके पर जांच कर शिकायतकर्ता को संतुष्ट करते हुए गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में एडीएम एफ कुंवर वीरेंद्र मौर्या, सीएमओ डॉ. रामप्रसाद, वन क्षेत्राधिकारी खुशबू उपाध्याय, एसडीएम संतोष कुमार, तहसीलदार निरंकार सिंह और सीओ पंकज लवानिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *