गोवर्धन। आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, प्रमुख सचिव रंजन कुमार, निदेशक एवं महानिदेशक आयुष डॉ. नारायण दास, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता तथा क्षेत्रीय आयुर्वेदिक यूनानी अधिकारी डॉ. डिगंबर सिंह के दिशा-निर्देशन में आयुष विभाग द्वारा ग्राम अडिंग, गोवर्धन स्थित परिक्रमा मार्ग पर ‘आयुष आपके द्वार’ चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।शिविर में चिकित्सा अधिकारी डॉ. ऋतु सांगवान ने आमजन, श्रद्धालुओं एवं रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। उन्होंने बरसात के मौसम में होने वाले विभिन्न रोगों से बचाव तथा परिक्रमा के दौरान शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बनाए रखने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। साथ ही संचारी रोग, चर्म रोग, उदर विकार एवं संधिशूल से बचाव के उपाय बताए गए।शिविर में श्रद्धालुओं और रोगियों को आवश्यक आयुर्वेदिक औषधियों का निःशुल्क वितरण किया गया। आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार के साथ चिकित्सकीय सेवा प्रदान करते हुए कुल 108 रोगियों एवं श्रद्धालुओं का उपचार किया गया।आयुष विभाग की ओर से श्रद्धालुओं को परिक्रमा के दौरान अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने और मौसम के अनुरूप सावधानी बरतने की सलाह दी गई।
