गुरुवार मवाना तहसील क्षेत्र के मानपुर गांव में तालाब के पानी की निकासी नहीं होने से जलभराव की समस्या गंभीर होती जा रही है। इस समस्या के समाधान की मांग को लेकर गांव के ग्रामीणों ने गुरुवार को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) मवाना को शिकायत पत्र सौंपकर तालाब संख्या 351 एवं 352 से पानी की निकासी के लिए करीब 300 मीटर लंबा नाला खुदवाने की मांग की।ग्रामीणों ने बताया कि गांव के बीच स्थित तालाब का पानी बरसात के दौरान आसपास के घरों और गलियों में भर जाता है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। जलभराव के कारण गंदगी फैलने के साथ-साथ संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना रहता है।शिकायत पत्र में ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में तहसील प्रशासन द्वारा नाला निर्माण के लिए निशानदेही भी कराई गई थी, लेकिन आज तक खुदाई का कार्य शुरू नहीं हो सका। उनका आरोप है कि गांव के कुछ लोग तालाब के पानी की निकासी में जानबूझकर बाधा उत्पन्न कर रहे हैं।ग्रामीणों के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को जब लेखपाल तालाब को खाली कराने के लिए मौके पर पहुंचे थे, तब कुछ लोगों ने विरोध करते हुए कथित रूप से गाली-गलौज की और धमकी भी दी, जिसके चलते कार्य आगे नहीं बढ़ सका।ग्रामीणों ने एसडीएम से मांग की है कि प्रस्तावित मार्ग पर करीब 300 मीटर नाले की खुदाई तत्काल कराई जाए और सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि गांव को जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिल सके।शिकायत पत्र पर सुमित पहलवान सहित 23 ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर आवश्यक निर्देश जारी करने की अपील की है।
