मेरठ में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कमिश्नरी पार्क पर बारिश के बीच धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में पेपर लीक को देशद्रोह घोषित कर दोषियों को कठोर सजा देने, सभी पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कराने, परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने तथा रामपुर स्थित जौहर यूनिवर्सिटी पर प्रस्तावित बुलडोजर कार्रवाई रोककर छात्रों के भविष्य की रक्षा करने की मांग की गई।जिलाध्यक्ष चरण सिंह एडवोकेट ने कहा कि पेपर लीक से देश के लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और इसे राष्ट्र के भविष्य पर हमला बताया। उन्होंने जौहर यूनिवर्सिटी के छात्रों के हितों की रक्षा के लिए तत्काल हस्तक्षेप की भी मांग की। धरने में पश्चिम उत्तर प्रदेश प्रभारी संजीव पाल, महानगर अध्यक्ष हाजी नौशाद सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में भीम आर्मी मेरठ के जिलाध्यक्ष चतर सिंह ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी।
