आज सोमवार मवाना नगर के फलावदा रोड स्थित कृषक इण्टर कालिज में हाईस्कूल में अच्छे अंक प्राप्त करने वाले मेधावियों का मनोबल बढाने के लिए “मेधावी सम्मान समारोह” का भव्य आयोजन किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य देवेन्द्र कुमार ने की। प्रधानाचार्य देवेन्द्र कुमार ने अपने सम्बोधन में कहा कि हाईस्कूल प्रत्येक छात्र/छात्रा के जीवन का टर्निंग प्वाइंट होता है। अमूमन हाईस्कूल परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर अपना आन्तरिक मूल्यांकन कर प्रत्येक छात्र/छात्रा अपने कैरियर की दिशा तय करता है कि उसे किस क्षेत्र में आगे बढना है। विद्यालय के अनुशासित वातावरण में अध्य्यन उपरान्त बिना किसी मानसिक दबाव के परीक्षा में अपना उत्तम प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन करने वाले यह छात्र/छात्राएं भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रतिनिधित्व देगें ऐसी मेरी आशा है। मैं समस्त मेधावी छात्र छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए इनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूँ। मुझे उम्मीद ही नहीं पूर्ण विश्वास है कि इनमें से अनेक छात्र छात्राएं अपनी इण्टरमीडिएट परीक्षा में भी अपना परचम लहराने में सफल होगें। तत्पश्चात प्रधानाचार्य देवेन्द्र कुमार ने समस्त छात्र छात्राओं को मेडल व पटका पहनाकर सम्मानित किया।इस अवसर प्रवक्ता संजीव कुमार(रसायन), प्रवक्ता संजीव कुमार (इतिहास), डॉ• केशव कुमार आदि उपस्थित रहे।
