तहसील परिसर में किया धरना-प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच की मांग*भ्रष्टाचार निवारण संगठन (ACO) और एंटी करप्शन-विजिलेंस टीम की ट्रैप कार्रवाई के विरोध में शनिवार को मवाना तहसील के लेखपालों ने कलम बंद हड़ताल कर धरना-प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर आयोजित प्रदर्शन में लेखपालों ने अयोध्या की सोहावल तहसील में लेखपाल उत्कर्षदीप के खिलाफ हुई कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई।*शिकायत की जांच के बाद हो ट्रैप कार्रवाई*लेखपालों का कहना है कि कई मामलों में शिकायत की सत्यता, शिकायतकर्ता की मंशा और प्रकरण की पूरी पृष्ठभूमि की पर्याप्त जांच किए बिना ही ट्रैप कार्रवाई कर दी जाती है। इससे कर्मचारियों में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्रवाई से पहले शिकायत के तथ्यों की निष्पक्ष जांच जरूरी है।*भ्रष्टाचार का समर्थन नहीं, निर्दोष को फंसाना भी स्वीकार नहीं*लेखपाल संघ ने स्पष्ट किया कि वह भ्रष्टाचार का समर्थन नहीं करता। यदि कोई कर्मचारी भ्रष्टाचार का दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए। हालांकि, गलत शिकायत, व्यक्तिगत रंजिश या किसी षड्यंत्र के आधार पर किसी निर्दोष कर्मचारी को फंसाया जाना स्वीकार नहीं किया जाएगा।*ट्रैप कार्रवाई के लिए SOP लागू करने की मांग*प्रदर्शनकारी लेखपालों ने मांग की कि भविष्य में किसी भी ट्रैप कार्रवाई से पहले शिकायत की सत्यता, शिकायतकर्ता की मंशा और संबंधित लेखपाल के अधिकार क्षेत्र की अनिवार्य रूप से जांच की जाए। इसके साथ ही ACO और विजिलेंस टीम की कार्रवाई के लिए स्पष्ट, पारदर्शी और निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) लागू की जाए, ताकि कार्रवाई की प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी बनी रहे।*यह रहे मौजूद*धरना-प्रदर्शन में तहसील अध्यक्ष अजय कुमार, जिला अध्यक्ष नीरज कुमार, तहसील मंत्री हीतेश कुमार, प्रिंस पोसवाल, रूपाली वर्मा, राजबल, जितेन्द्र वर्मा, विकास कुमार, मनोज कुमार, सौरभ अग्रवाल, शादाब, आकाश, मृत्युंजय और अमित कुमार सहित अन्य लेखपाल मौजूद रहे।
