तहसील पहुंचे किसानों को सभागार में जाने से रोका, धरने पर बैठे :

तहसील पहुंचे किसानों को सभागार में जाने से रोका, धरने पर बैठे :

मवाना। भारतीय किसान यूनियन धनसिंह कोतवाल के बैनर तले सोमवार को बड़ी संख्या में किसान अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर तहसील पहुंचे। किसान जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह को ज्ञापन सौंपने के लिए तहसील सभागार में जाना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें बाहर ही रोक दिया। इसके विरोध में किसानों ने नारेबाजी करते हुए तहसील परिसर में धरना शुरू कर दिया।कुछ देर बाद अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) नवीन चंद स्वयं किसानों के बीच पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने किसानों से 12 सूत्रीय ज्ञापन प्राप्त कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद किसान शांतिपूर्वक लौट गए।भाकियू धनसिंह कोतवाल के युवा जिलाध्यक्ष राहुल गुर्जर के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में आवारा पशुओं को गोशालाओं में भेजने, बिजली आपूर्ति में सुधार, स्मार्ट मीटर व्यवस्था बंद करने, खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने और मवाना शुगर मिल में स्थानीय युवाओं को 75 प्रतिशत रोजगार देने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।इसके अलावा तालाब और नालों की सफाई में अनियमितताओं की जांच, अतिक्रमण हटाने, जलभराव की समस्या के समाधान, आयुष्मान कार्ड, फसल बीमा, मिट्टी जांच शिविर और जलालपुर जोरा में चकबंदी दोबारा शुरू कराने की मांग भी की गई। कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा राजस्थान के जगन सिंह गुर्जर हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।राहुल गुर्जर ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन तेज करने को बाध्य होगा। इस दौरान दूध प्रताप सिंह, ऋतिक प्रधान, अनमोल बढ़ाना, आकाश भाटी, अनुराग गुर्जर, सुनील धाम, डालचंद, हाजी आरिफ अंसारी, सरताज धाम, मैन सहजानंद अंसारी, शुभम गुर्जर समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *