कांवड़ मार्ग का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, 48 घंटे में सड़क की खामी दूर करने के निर्देश :

कांवड़ मार्ग का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, 48 घंटे में सड़क की खामी दूर करने के निर्देश :

मवाना। आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने सोमवार को गंग नहर कांवड़ मार्ग का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मार्ग की साफ-सफाई, सड़क की स्थिति, जल निकासी, सुरक्षा व्यवस्था और निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर कमियां मिलने पर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), सिंचाई विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्ग पर कहीं भी गड्ढे, जलभराव या कूड़ा-करकट नहीं होना चाहिए और सभी विभाग आपसी समन्वय से युद्धस्तर पर कार्य करते हुए सभी तैयारियां समय से पहले पूरी करें।मवाना स्थित गंग नहर पुल के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नए पुल की एप्रोच सड़क का भी जायजा लिया। सड़क के तिरछे निर्माण पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को 48 घंटे के भीतर तकनीकी खामी दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में कार्य पूरा न होने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कांवड़ मार्ग पर नियमित साफ-सफाई, गड्ढों की मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित की जा रही एक कॉलोनी पर भी कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने क्षेत्राधिकारी पंकज लावानिया को कॉलोनी मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए तथा मेरठ विकास प्राधिकरण (एमडीए) को नियमानुसार कार्रवाई करने के आदेश दिए।डीएम ने कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। इस मौके पर एडीएम, एसडीएम, सीओ समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *