संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचीं 150 शिकायतें, मौके पर 14 का निस्तारण :

संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचीं 150 शिकायतें, मौके पर 14 का निस्तारण :

रिपोर्ट अमित कांबोज।

तहसील सभागार में सोमवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह और मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल ने जनसमस्याएं सुनीं। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 150 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 14 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।इस दौरान राजस्व, पुलिस, विद्युत, नगर निकाय, विकास और समाज कल्याण विभाग से जुड़ी बड़ी संख्या में शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखी गईं। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।समाधान दिवस में फरियादी द्वारा परीक्षितगढ़ कस्बे के एक सरकारी तालाब पर अवैध कब्जे का मामला प्रमुखता से उठा। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी पूजा सिंह और थाना प्रभारी परीक्षितगढ़ को तत्काल मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।मवाना निवासी पीड़ित ने शिकायत करते हुए बताया कि उनके दुकान मालिक ने बिना सूचना दिए किराए की दुकान को तुड़वा दिया, जिससे दुकान में रखे महत्वपूर्ण दस्तावेज और नकदी नष्ट हो गई। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की।जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से निस्तारण किया जाए, ताकि फरियादियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *